दुबई: अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम का मुकाबला मलेशिया से हो रहा है। दुबई के द सेवेंस स्टेडियम में मलेशिया ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत के लिए 5वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने शानदार दोहरा शतक लगा दिया है। 87 रनों पर तीन विकेट गिरने के बाद कुंडू ने वेदांत त्रिवेदी के साथ 209 रनों की साझेदारी बनाई।
121 गेंदों पर अभिज्ञान ने दोहरा शतक लगाया
मुंबई के खिलाड़ी अभिज्ञान कुंडू ने सिर्फ 80 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उनकी उम्र अभी सिर्फ 17 साल की है। 11 चौके के साथ ही शतक तक पहुंचने के दौरान उन्होंने एक छक्का भी लगाया। इसके बाद उन्होंने और विस्फोटक बैटिंग शुरू कर दी। 121 गेंदों पर उन्होंने अपने 200 रन पूरे कर लिए। 16 चौके और 9 छक्कों की मदद से वह दोहरा शतक तक पहुंचे। वह अंडर-19 एशिया कप में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं।
यूथ वनडे में नहीं गिना जाएगा रिकॉर्ड
हालांकि उनके रन और शतक यूथ वनडे मैच के रिकॉर्ड में नहीं जुड़ेंगे। मलेशिया आईसीसी के फुल मेंबर में शामिल नहीं है और इसी वजह से इस मैच को अंडर-19 इंटरनेशनल मैच का दर्जा प्राप्त नहीं है। मलेशिया के खिलाफ ही पाकिस्तान के समीर मिन्हास ने 177 रन बनाए थे। वह रन भी यूथ वनडे के रिकॉर्ड में नहीं गिना जा रहा है। बांग्लादेश के सौम्य सरकार ने भी 2012 एशिया कप में कतर के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। वह रिकॉर्ड भी यूथ वनडे में नहीं गिना जाता।



