Spread the love

नई दिल्ली: टीम इंडिया के दिग्गज लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने क्रिकेट को 25 साल देने के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 मैच खेले। मिश्रा ने गुरुवार को संन्यास की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली चोटों और युवा क्रिकेटरों को मौका देने की वजह से उन्होंने यह फैसला लिया है। मिश्रा अब कोचिंग, कमेंट्री और युवा खिलाड़ियों को सिखाने का काम करेंगे।

25 साल के बाद रिटायरमेंट

अमित मिश्रा ने टेस्ट में 76, वनडे में 64 और टी20 में 16 विकेट लिए। अमित मिश्रा ने 25 साल के अपने क्रिकेट करियर को यादगार बताया है। उन्होंने बीसीसीआई, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, सपोर्ट स्टाफ, अपने साथियों और परिवार को धन्यवाद दिया। मिश्रा ने कहा कि फैंस के प्यार और सपोर्ट ने उनके सफर को यादगार बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है और मैदान पर बिताया हर पल उनके लिए अनमोल है। मिश्रा के अनुसार क्रिकेट से मिले अनुभव को वह हमेशा याद रखेंगे।

लिखा सोशल मीडिया लंबा चौड़ा पोस्ट

अमित मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘आज, 25 साल बाद मैं क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं एक ऐसा खेल जो मेरा पहला प्यार, मेरा शिक्षक और मेरी खुशी का सबसे बड़ा स्रोत रहा है। यह सफर अनगिनत भावनाओं से भरा रहा है। गर्व, कठिनाई, सीख और प्यार के पल। मैं बीसीसीआई, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, अपने कोचों, सहयोगी स्टाफ, सहकर्मियों और सबसे महत्वपूर्ण, फैंस का तहे दिल से आभारी हूं, जिनके विश्वास और समर्थन ने मुझे हर कदम पर ताकत दी।’

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, ‘शुरुआती दिनों के संघर्षों और बलिदानों से लेकर मैदान पर अविस्मरणीय पलों तक, हर अध्याय एक ऐसा अनुभव रहा है जिसने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान के रूप में आकार दिया है। मेरे परिवार को उतार-चढ़ाव के दौरान मेरे साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए धन्यवाद। मेरे साथियों और गुरुओं को इस सफर को इतना खास बनाने के लिए धन्यवाद। जैसे ही मैं इस अध्याय को बंद करता हूं, मेरा दिल कृतज्ञता और प्यार से भर जाता है। क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है और अब मैं उस खेल को कुछ वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे वो बनाया जो मैं हूं।’

अमित मिश्रा का करियर रहा शानदार

अमित मिश्रा ने 2003 में बांग्लादेश में एक वनडे सीरीज से इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में टेस्ट डेब्यू किया। इस मैच में उन्होंने पांच विकेट लिए थे। 2013 में मिश्रा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में 18 विकेट लेकर जवागल श्रीनाथ के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की थी। उन्होंने 2014 में बांग्लादेश में हुए टी20 वर्ल्ड कप में भी भाग लिया था। इसमें उन्होंने 10 विकेट लिए थे और भारत दूसरे स्थान पर रहा था। 2017 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद मिश्रा घरेलू क्रिकेट और आईपीएल खेलते रहे। उन्होंने आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला।