Spread the love

एक्ट्रेस सेलिना जेटली इस वक्त बहुत ही मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। एक तरफ जहां वह पति पीटर हाग से तलाक और बच्चों के लिए लड़ रही हैं, तो दूसरी ओर भाई के लिए लड़ रही हैं, जो यूएई सरकार की हिरासत में हैं। इस बीच एक्ट्रेस जुड़वां बेटों को याद कर भावुक हो गईं और लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है। दरअसल, सेलिना के बेटों- विन्सटन और विराज का 14वां बर्थडे है, पर वह उनसे काफी दूर हैं। न तो उन्हें देख पाई हैं और ना ही आवाज सुन पाई हैं और यही बात उनका कलेजा चीर गई।

सेलिना जेटली ने दोनों बेटों के 14वें बर्थडे पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके साथ अपनी तस्वीर शेयर की और बताया कि कैसे उन्होंने सोचा भी नहीं था कि वह महीनों तक अपने जिगर के टुकड़ों की आवाज भी नहीं सुन पाएंगी।

सेलिना जेटली का बेटों के नाम पोस्ट, बर्थडे पर किया याद

सेलिना ने लिखा है, ‘मेरे प्यारे विंस्टन और विराज, जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं वहां नहीं रह पाऊंगी। इतने महीनों तक तुम्हारी आवाजें नहीं सुन पाऊंगी और तुम्हारे चेहरे नहीं देख पाऊंगी और 14वां बर्थडे आ जाएगा। एक मां अपने बच्चों को इस दुनिया में लाने, उनका पालन-पोषण करने, उन्हें हर दिन प्यार करने के लिए कितना कुछ सहती है… ठीक वैसे ही जैसे मेरी मां ने मेरे लिए किया। आज, मैं इस सच्चाई को अपनी हर सांस में महसूस करती हूं। मैं सब कुछ लाखों बार फिर से करने को तैयार हूं, ताकि तुम्हें फिर से अपनी बाहों में समेट सकूं।’

‘उम्मीद है मेरा लेटर और गिफ्ट तुम्हें मिलें, मैं तुमसे मिल पाऊं’

सेलिना जेटली ने आगे लिखा है, ‘विंस्टन, विराज, अर्थू और शमशेर, तुम हमेशा मेरे सबसे अनमोल रत्न और लाइफ की बेस्ट अचीवमेंट रहोगे। ईश्वर ने मुझे तुम्हारी मां बनने का सौभाग्य दिया है और मैं इस आशीर्वाद को गर्व से संजोकर रखूंगी, चाहे मैं कहीं भी रहूँ। विंस्टन और विराज, मुझे अपनी मां चुनने के लिए धन्यवाद। मुझे तुम पर बहुत गर्व है। मैं उम्मीद करती हूं कि यह संदेश हर दूरी पार करके तुम तक पहुंचे। मुझे उम्मीद है कि ब्रह्मांड आज हमारे दिलों को जोड़ने का अवसर देगा। मेरा प्यार तुम तक पहुंचेगा। मेरी प्रार्थनाएं तुम तक पहुंचेंगी। मुझे उम्मीद है कि तुम्हें मेरा लेटर और गिफ्ट मिलेंगे, जो मैंने तुम्हें भेजे हैं। मुझे उम्मीद है कि आज मैं तुमसे मिल सकूंगी और बात कर सकूंगी।’

‘जो कर रही हूं परिवार को एक करने के लिए कर रही’

सेलिना जेटली ने पोस्ट में आगे लिखा है, ‘मैं जो कुछ भी कर रही हूं, हमारे भविष्य के लिए कर रही हूं ताकि हम आगे परिवार की तरह साथ रह सकें। याद रखना तुमने जो भी सपने देखते हैं, उन्हें पूरा कर सकते हो। जिंदगी तुम्हें जो भी अच्छाई दे, उसे दूसरों तक पहुंचाना। जब तक मां तुम्हें फिर गले न लगा ले, सुरक्षित रहना, स्ट्रॉन्ग रहना और यह जान लेना कि मैं जो कुछ भी कर रही हूं, वह हमारे भविष्य के लिए है ताकि हम फिर से एक परिवार के रूप में साथ हो सकें। मां तुमसे इस दुनिया से भी बढ़कर प्यार करती है।’

सेलिना की पीटर हाग से शादी और बच्चे, एक की हो गई थी मौत

मालूम हो कि सेलिना जेटली ने 2010 में ऑस्ट्रियाई बिजनेसमैन पीटर हाग से शादी की थी। उनके तीन बेटे हैं। जहां साल 2012 में वह बेटे विंस्टन और विराज के पैरेंट्स बने तो एक बेटा आर्थर साल 2017 में पैदा हुआ था। वहीं एक बेटे शमशेर की जन्म के कुछ समय बाद ही साल 2017 में हाइपोप्लास्टिक हार्ट कंडीशन के कारण मौत हो गई थी।

पति पर सेलिना जेटली ने लगाए थे संगीन आरोप

सेलिना जेटली ने कुछ महीने पहले ही पति पर घरेलू हिंसा और मारपीट का आरोप लगाते हुए मुंबई की एक लोकल कोर्ट में केस दर्ज करवाया था और उसी कारण ऑस्ट्रिया से भारत वापस लौट आई थीं। सेलिना ने पति पीटर हाग पर सेक्शुअल, फिजिकल और इमोशनल एब्यूज के आरोप लगाए थे। साथ ही 50 करोड़ रुपये का मुआवजा और हर महीने 10 लाख रुपये का मेंटेनेंस मांगा। सेलिना ने अपने तीनों बच्चों की कस्टडी भी मांगी, जो फिलहाल पति के साथ ऑस्ट्रिया में रह रहे हैं। सेलिना ने पति पर यह भी आरोप लगाया था कि उन्होंने एक्ट्रेस पर 2014 के आखिर और 2015 की शुरुआत में कंपनी के बोर्ड डायरेक्टर्स के साथ यौन संबंध बनाने का दबाव बनाया था। साथ ही वह एक्ट्रेस के प्राइवेट पार्ट में रॉड डालने की धमकी देते थे।