Spread the love

नई दिल्ली: आप शहरों में रहते हैं या महानगर में। यदि आप महीने में एक लाख रुपये की कमाई करते हैं तो जीवन आराम से कट सकता है। वह किराये पर 2बीएचके मकान लेकर अपने कार लोन का ईएमआई (Loan EMI) भी आराम से भर सकता है। लेकिन यदि आप 20 साल बाद भी इस लाइफस्टाइल को बरकरार रखना चाहते हैं तो अभी कितने पैसे बचाने होंगे?

आरामदायक जीवन जी सकते हैं

निम्न मध्य-वर्ग (Lower Middle-Class) का यदि परिवार छोटा है तो वह मेट्रो सिटी में भी एक लाख रुपये महीना कमा कर आरामदायक जीवन जी सकते हैं। वह किराये पर रहकर भी मकान या कार का छोटा ईएमआई मैनेज कर सकते हैं। बच्चों की स्कूल की फीस भर सकते हैं। घर गृहस्थी का सामान खरीद सकते हैं। हां, बाहर खाना-पीना या समय-समय पर घूमना-फिरना इस आमदनी में मुश्किल है। CA सी. कमलेश कुमार बताते हैं कि अभी का एक करोड़ रुपये का कोर्पस भी तब के लिए कम पड़ेगा।

20 साल बाद कितना चाहिए

यहां सवाल उठता है कि इस समय एक लाख रुपये महीने खर्च करने वाले को 20 साल बाद यही लाइफस्टाइल मेंटेन करना है तो कितने पैसे चाहिए? अक्सर लोग इस बात का अनुमान लगाने में गलती कर जाते हैं क्योंकि तब तक इंफ्लेशन बढ़ कर कहां से कहां पहुंच जाएगा। जो दूध अभी 70-80 रुपये लीटर ले रहे हैं, उसका दाम 150 रुपये के पार पहुंच जाएगा। इसी तरह अन्य जरूरी सामानों के दाम बढ़ेंगे। ऐसे में कितने पैसे चाहिए, इसका गणित समझिए।

इस गणित को समझिए

  • मान लिया जाए कि अभी आपकी महीने की आमदनी है एक लाख रुपये
  • हर साल मुद्रास्फीति या इन्फ्लेशन की दर छह फीसदी की दर से बढ़ रही है
  • हम जोड़ रहे हैं 20 साल
  • इस हिसाब से 20 साल बाद एक लाख रुपये का सामान खरीदने के लिए आपको 3.20 लाख रुपये चाहिए
  • अभी आपकी आमदनी है साल के 12 लाख रुपये
  • 20 साल बाद चाहिए साल में 38 से 40 लाख रुपये

खर्चे तो और बढ़ेंगे

यहां एक बात ध्यान दीजिए कि लोग अनुमान लगाने में एक और गलती कर बैठते हैं। जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आपको कुछ ज्यादा आराम की जरूरत होती है। आपके मकान का किराया या मकान के मेंटनेंस का कॉस्ट भी बढ़ता जाता है। दूध-फल-सब्जी और गृहस्थी के अन्य जरूरी सामान भी महंगे होते जाते हैं। बच्चों के स्कूल-कॉलेज की फीस भी उसी हिसाब से बढ़ रही है। मतलब कि 20 साल बाद अभी के एक लाख रुपये भी कम पड़ेंगे।

क्या एक करोड़ रुपये का कोर्पस ठीक रहेगा?

बहुत से लोग पूछते हैं कि एक करोड़ रुपये का कोर्पस ठीक रहेगा। CA सी. कमलेश कुमार का कहना है कि आज का एक करोड़ रुपये में हर साल का छह फीसदी इन्फ्लेशन जोड़ दें तो यह 3.20 करोड़ रुपये हो जाएगा। आप 20 साल बाद आरामदायक जीवन जीना चाहते हैं तो आपको अभी एक करोड़ रुपये का नहीं बल्कि 3.20 करोड़ रुपये का कोर्पस बनाना होगा।