Spread the love

रायपुर । टैगोर नगर में पार्श्वनाथ भगवान के भव्य मंदिर निर्माण  के लिए 5 सितंबर को शिलान्यास हुआ। प्रवचन के पश्चात पटवा भवन से टैगोर नगर शिलान्यास स्थल सी -79 महेंद्र कुमार गादिया के निवास तक शिला को मस्तक पर रखकर वरघोड़ा उपाध्याय द्वय आध्यात्म योगी महेंद्र सागरजी महाराज साहब, युवा मनीषी मनीष सागरजी महाराज साहब एवं साध्वी भगवंत हंसकीर्ति श्रीजी म.सा. की पावन निश्रा में निकाला गया। शिलान्यास महोत्सव में भैरव कॉलोनी से प्रियदर्शी विजयजी महाराज साहब भी शामिल हुए।

अलौकिक पार्श्व पद्मावती ट्रस्ट के धीरज कोचर ने बताया कि शिलान्यास विधि के पूर्व स्नात्र पूजन सुबह 8 बजे व पाटला पूजन सुबह 9 बजे हुआ। गुरु भगवंतों की पावन निश्रा में वरघोड़ा पहुंचने के पश्चात शिलान्यास की विधि प्रारंभ हुई। शिला पूजा का बड़ा महत्व है। उपस्थित सभी परिवारों ने मिलकर इस विधि का धर्मलाभ लिया। रायपुर में पहली बार घर में मंदिर का भव्य निर्माण कराया जा रहा है। गादिया परिवार ने अपने घर की जगह भव्य मंदिर निर्माण के लिए दी है। मंदिर का संचालन अलौकिक पार्श्व पद्मावती ट्रस्ट के द्वारा किया जाएगा।