भारत की पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा दुबई में मुश्किल दिन गुजारने के बाद वापस भारत लौट आई हैं। 39 साल की सानिया मिर्जा अपने बेटे के साथ दुबई में रहती हैं। लेकिन, उन्होंने ईद के लिए हैदराबाद आने का फैसला किया क्योंकि दुबई में इस वक्त इरान और इजरायल-अमेरिका के युद्ध के चलते माहौल ठीक नहीं है।
इरान यूएई के कुछ हिस्सों को टारगेट कर रहा है और युद्ध के रुकने के भी कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मिर्जा ने खुलासा किया कि अपने ऊपर से फाइटर जेट्स की अवाज सुनने के बाद उन्होंने घर आने का फैसला किया।
सानिया मिर्जा ने दिया बड़ा बयान
सानिया मिर्जा ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए कहा, ‘हमने अपने घर के ऊपर फाइटर जेट्स की आवाज सुनी और उनको इंटरसेप्ट ( बीच में रोकना) होते हुए देखा। हमारे घर से 400-500 मीटर दूर जाकर मलबा गिरा। आप नहीं चाहते आपका बच्चा इससे गुजरे। वो मुझसे सवाल कर रहा था। यह अनसेफ नहीं लगा। लेकिन यह अनिश्चित और बेचैन करने वाला जरूर था।’बता दें कि सानिया मिर्जा के बेटे इजहान दुबई में ही स्कूल जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘स्कूल अगले हफ्ते से शुरू हो सकता है। हम सिच्यूशेन को मॉनिटर करेंगे। मैं लकी हूं कि मैं हैदराबाद आ सकी, जहां अब भी मेरा घर और परिवार है। उम्मीद करती हूं चीजें जल्दी ठीक हो जाएं।’
रमजान का आखिरी हफ्ता हैदराबाद में गुजारने की कोशिश करती हैं सानिया
बता दें कि इस वक्त रमजान का महीना चल रहा है और अब ईद बस कुछ ही दिन दूर है। ऐसे में सानिया ने आगे कहा कि वो हर ईद पर आती हैं और कोशिश करती हैं कि रमजान का आखिरी हफ्ता हैदराबाद में बिताएं।



