भोपाल: विधानसभा के बजट सत्र से पहले प्रदेश सरकार ने रात दो बजे आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव और आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल को बदल दिया गया। अब स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का जिम्मा अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल संभालेंगे।
वहीं, दीपक सक्सेना आबकारी आयुक्त होंगे। सचिव जेल एवं परिवहन मनीष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए आयुक्त जनसंपर्क बनाया गया है। परिवहन विभाग का जिम्मा उनके पास अतिरिक्त रूप से बना रहेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अशोक बर्णवाल कृषि उत्पादन आयुक्त बने रहेंगे। पर्यावरण विभाग का जिम्मा भी उनके पास रहेगा। संदीप यादव अब प्रमुख सचिव वन तथा प्रवासी भारतीय होंगे। अभिजीत अग्रवाल को प्रबंध संचालक राज्य सहकारी विपणन संघ बनाया गया है।
संचालक कृषि अजय गुप्ता को प्रबंध संचालक मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव को संचालक कृषि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिंड सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव, उच्च शिक्षा विभाग की उप सचिव संघमित्रा गौतम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आलीराजपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा नंदा भलावे कुशरे को अपर परियोजना संचालक राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और उपसचिव स्कूल शिक्षा कमल सोलंकी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायसेन पदस्थ किया है।
अपर मुख्य सचिव गृह शिवशेखर शुक्ला को जेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही राज्य प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। भुरला सिंह सोलंकी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड और राकेश शर्मा को मुख्य महाप्रबंधक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ किया है।



