Spread the love

मुंबई: अमेरिका, इजरायल और ईरान के युद्ध के बीच दुबई का रियल एस्टेट सेक्टर (Dubai Real Estate) पिसने लगा है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस की एक खबर का कहना है कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो दुबई प्रॉपर्टी मार्केट का बुल रन समाप्त हो सकता है। यह खबर दुबई के रियल एस्टेट ब्रोकर्स और डेवलपर्स से हुई बातचीत के आधार पर तैयार की गई है।

प्रॉपर्टी की बिक्री में गिरावट!

दुबई के रियल एस्टेट ब्रोकर्स और डेवलपर्स का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रॉपर्टी की बिक्री में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। ब्रोकर्स ने कहा कि खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल हमलों से यह लंबे समय से बना यह सेंटिमेंट ध्वस्त हो जाएगा कि दुबई संघर्षों के दौरान पैसे लगाने का एक सुरक्षित जगह है। उल्लेखनीय है कि दुबई ने पहले इस सेंटिमेंट को बूस्ट किया और फिर रूस, यूक्रेन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान ही नहीं, भारत के निवेशकों को भी दुबई में आकर्षित करने में सफल रहा।

युद्ध लंबा खिंचा तो क्या होगा?

रियल एस्टेट ब्रोकर्स का कहना है कि ईरान की ओर से दुबई के आसपास मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद से निवेशक डरे हुए हैं। वे इस बात की स्पष्टता का इंतजार कर सकते हैं कि क्या यह संघर्ष एक लंबे युद्ध युद्ध में बदल सकता है या जल्दी ही खत्म हो जाएगा। लेकिन इस चक्कर में दुबई के रियल एस्टेट सेक्टर की डिमांड तो प्रभावित होगी ही। हालांकि, वह यह भी बताते हैं कि अभी दुबई रियल एस्टेट की प्राइस में करेक्शन नहीं दिखी है।

पिछले साल का सेल्स वैल्यू क्या था?

दुबई के रियल एस्टेट सेक्टर में पिछले साल सवा दो लाख से भी ज्यादा ट्रांजेक्शंस हुए थे। इन सब का सेल्स वैल्यू $187 billion था। दरअसल, दुबई के लग्जरी प्रॉपर्टी की डिमांड लगातार बढ़ रही है और वहां भारतीय खरीदार भी बड़ी संख्या में पैसे लगा रहे हैं। अन्य देशों के खरीदार भी दुबई की प्रॉपर्टी में खूब निवेश कर रहे हैं।