भोपाल, छत्तीसगढ़ की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने भोपाल में तीन युवकों के खिलाफ रेप और एक महिला पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद रविवार रात बाग सेवनिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपी फरार हैं।
होटल में मुलाकात, फिर साथ रहने लगी
ब्यूटीशियन ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में दोस्त की बर्थडे पार्टी में उसकी मुलाकात एक युवती से हुई। बाद में दोनों साथ रहने लगीं।जनवरी 2025 में वे बागसेवनिया में रहने वाली अमरीन उर्फ माहिरा के पास शिफ्ट हो गईं। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि उसकी सहेली ने अमरीन के कहने पर धर्म परिवर्तन कर उसके भाई से शादी कर ली है।
घुमाने के बहाने दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2025 में अमरीन का करीबी चंदन यादव बहन से मिलाने के बहाने उसे ले गया। धमका कर रेप किया। बदनाम करने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद अलग-अलग समय पर कई बार रेप किया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे छोटे कपड़े पहनाकर शहर के पब-लाउंज में ले जाया जाता था। अनजान लोगों से मेल-जोल का दबाव बनाया जाता था। इसी दौरान उस पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम स्वीकार करने के लिए दबाव डाला गया।
नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप
नवंबर 2025 में अमरीन उसे गांधी नगर स्थित अब्बास नगर में अपने परिजनों से मिलाने ले गई। वहां अमरीन के भाई बिलाल पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप है। विरोध करने पर शादी का दबाव बनाया गया।
अहमदाबाद में भी घटना का आरोप
दिसंबर 2025 में अमरीन पीड़िता को निजी काम का हवाला देकर अहमदाबाद ले गई, जहां यासिर नामक युवक से मिलवाया गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जनवरी 2026 में वह भोपाल छोड़कर छत्तीसगढ़ में अपने मामा के घर चली गई।
दूसरी पीड़िता से संपर्क के बाद शिकायत
हाल ही में सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान एक अन्य युवती ने भी अमरीन और उसके साथियों पर इसी तरह के आरोप लगाए।
इसके बाद पीड़िता भोपाल आई और बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



