Spread the love

भोपाल। एलपीजी संकट के 10वें दिन घरेलू गैस आपूर्ति की व्यवस्था पटरी पर लौट आई है। व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर होटलों-रेस्टोरेंट को उपलब्ध कराने के निर्देश के बावजूद आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पाई है। किन होटलों-रेस्टोरेंट को उनकी जरूरत का 10 प्रतिशत गैस दिया जाना है, उसे लेकर प्रशासन असमंजस में है। जिला आपूर्ति नियंत्रक का कहना है कि इसकी पात्रता तय नहीं हो पाई है। जल्दी ही इसपर कोई निर्णय होगा।

बताया जा रहा है घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर एचपी और भारत गैस की व्यवस्था सुचारू है। इंडेन की होम डिलिवरी व्यवस्था भी पटरी पर लौट आई है। सात-आठ दिन पहले गैस बुक कर सिलिंडर का इंतजार कर रहे लोगों तक बुधवार को खेप पहुंची। इससे लंबित मामलों और शिकायतों का निपटारा होने लगा है।

शहर के साढे पांच लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं में से 65 प्रतिशत इंडेन के पास ही हैं। इसकी वजह से कंपनी पर दबाव भी अधिक है। बुकिंग का सर्वर अब भी पूरी तरह से क्रियाशील नहीं है। इसकी वजह से ऑफलाइन बुकिंग भी जारी है।

इधर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ऐसे अस्पतालों, सार्वजनिक उपक्रमों, सेना-पुलिस की कैंटीन और दीनदयाल रसोई की सूची बनाई है, जिन्हें तत्काल एलपीजी सिलिंडरों की जरूरत है। ऐसे करीब 40 संस्थाओं की सूची बनाकर मंजूरी के लिए भेजी गई है। इनको प्राथमिकता के आधार पर गैस दिया जाना है।

सप्लाई और बुकिंग में काफी हद तक सुधार

इनका कहना है सिलिंडरों की सप्लाई और बुकिंग में काफी हद तक सुधार हुआ है। कॉमर्शियल सिलिंडरों की खेप आना शुरू हो गई है। छोटे व्यवसायियों को जल्द ही कामर्शियल सिलिंडर मिलने लगेंगे। 

चंद्रभान सिंह जादौन, नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति विभाग