Spread the love

भोपाल। अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन मंगलवार (24 फरवरी) को भोपाल में होने जा रहा है। इसमें प्रदेश भर से एक लाख किसानों के आने का दावा कांग्रेस कर रही है। मुख्य रूप से भोपाल के आसपास के 11 जिलों के किसान सम्मिलित होंगे।

राहुल गांधी और खरगे करेंगे संबोधित

शहर के बीच अटल पथ पर हो रहे सम्मेलन को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी संबोधित करेंगे। दोनों नेता दोपहर एक बजे भोपाल व 1:50 बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगे। यहां दो घंटे रहेंगे। साढ़े पांच बजे भोपाल से वापस होंगे।इस बीच वे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और बड़े नेताओं के साथ संगठन सृजन सहित अन्य विषयों को लेकर बैठक कर सकते हैं। ट्रेड डील में किसानों को नुकसान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस किसान बाहुल्य राजस्थान, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में किसान सम्मेलन करेगी।

इसकी शुरुआत भोपाल से होने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का तर्क है कि ट्रेड डील से मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ा नुकसान है, इसलिए राहुल और खरगे ने सबसे पहले मध्य प्रदेश को चुना है। प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा अधिक से अधिक किसानों को लाने के लिए कार्यकर्ताओं से कहा गया है। कारण, दो दिन पहले की कार्यक्रम घोषित होने के कारण बहुत भीड़ जुटाने के लिए बहुत कम समय मिला है।