जयपुर: भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजस्थान में एक बार फिर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। पिछले महीने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तिरंगा यात्राएं निकाली गई थी। अब एक बार फिर तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया गया है। यह तिरंगा यात्रा जिला मुख्यालयों से लेकर मंडल और ब्लॉक स्तर तक निकाली जाएगी। बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष की ओर से तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यक्रम घोषित किया है। 10 अगस्त से लेकर 14 अगस्त तक लगातार पांच दिन तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएगी।
परनामी को बनाया संयोजक
तिरंगा यात्रा को लेकर पार्टी ने विशेष कमेटी का गठन भी किया है। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को इस कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। साथ ही पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र बोहरा और प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी को इस कमेटी का सदस्य बनाया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद चलाए गए तिरंगा यात्रा अभियान के दौरन भी पार्टी ने भूपेंद्र सैनी को कमेटी का सदस्य बनाया गया था और अब एक बार फिर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है।



