Spread the love

भोपाल। महापौर मालती राय ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3,938 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इसमें शहरवासियों को अब नए कनेक्शन के लिए अधिक खर्च करना होगा। सभी को मेंटेनेंस चार्ज भी देना होगा। यह चार्ज सीवेज टैक्स के रूप में अतिरिक्त रहेगा। हालांकि प्रापर्टी और जल कर में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है।

शहरवासियों को अब नए सीवेज कनेक्शन के लिए अलग-अलग श्रेणियों में अलग-अलग चार्ज का भुगतान करना होगा। हर माह मेंटेनेंस चार्ज भी देना होगा। आवासीय सीवेज कनेक्शन के मेंटेनेंस के लिए 100 रुपये से 200 रुपये हर माह तक भुगतान करना होगा। व्यावसायिक कनेक्शन भी अलग-अलग श्रेणियों में दिए जाएंगे।

इनमें व्यक्तिगत किराना दुकान, सैलून, ब्यूटी पार्लर, फर्नीचर, भोजनालय, आभूषण और कपड़ा दुकानों के लिए 800 से 2000 हजार रुपये तक हर माह देने होंगे। होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, अस्पताल, क्लिनिक, नर्सिंग, पैथालाजी लैब को भी 3000 हजार से 10000 रुपये तक मेंटेनेंस चार्ज देना होगा। 10000 वर्ग फीट तक के मैरिज गार्डन, शादी हाल को अब 17250 रुपये सीवेज कनेक्शन दिया जाएगा। सिनेमा हाल को 86250 रुपये में नया कनेक्शन मिलेगा। इन्हें हर माह 10000 रुपये मेंटेनेंस चार्ज देना होगा।

582 करोड़ रुपये से बिछेगी पेयजल 600 किमी लंबी पाइप लाइन

  • इस बजट में शहर के बुनियादी ढांचे, जल प्रदाय और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही शहर के सुंदरीकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रानी कमलापति की स्मृति में सांस्कृतिक झील महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। बजट का एक बड़ा हिस्सा अमृत 2.0 परियोजनाओं के लिए समर्पित है।
  • इसके तहत 582 करोड़ रुपये की लागत से 600 किमी लंबी पेयजल पाइप लाइन बिछाई जा रही है, जिसमें 36 ओवरहेड टैंक और चार फिल्ट्रेशन प्लांट का निर्माण शामिल है। शहर के 70 फीसद हिस्से को सीवेज नेटवर्क से जोड़ने के लिए 1,050 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है, जिससे सीवेज उपचार क्षमता बढ़कर 80 फीसद हो जाएगी।
  • गरीबों को छत और कुलियों को सौगात

    प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राजेंद्र नगर और दीपड़ी में 400 करोड़ रुपये की लागत से 1,856 नए आवास बनाए जाएंगे। एक महत्वपूर्ण पहल के तहत निगम ने रेलवे स्टेशनों के पास जमीन की मांग की है, ताकि वहां कुलियों के लिए आवास बनाए जा सकें और उनका आवागमन आसान हो सके।

    खास बातें: जो शहर को बदलेंगी

    • बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 14.9 करोड़ रुपये।
    • छोटा तालाब का सीएम इंफ्रा स्कीम के तहत पुनर्विकास।
    • शाहपुरा तालाब पर नौ करोड़ और कलियासोत पर 33 करोड़ रुपये के सुधार कार्य।
    • पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रानी कमलापति की स्मृति में सांस्कृतिक झील महोत्सव पर तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
    • सब्जी मंडी को करोंद शिफ्ट किया जा चुका है, लेकिन कई व्यापारी अभी भी नवबहार सब्जी मंडी में जमे हुए हैं, जिन्हें स्थानांतरित किया जाएगा।
    • पुराने शहर के ट्रांसपोर्ट हब को पूरी तरह कोकता स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट किया जाएगा।
    • टीटी नगर स्टेडियम के पास ”न्यू मार्केट” की तर्ज पर नया न्यू मार्केट विकसित होगा।
    • ब्लैक स्पाट सुधारने और लेफ्ट टर्न चौड़े करने पर 6.9 करोड़ खर्च होंगे।
    • रोशनपुरा के पास गुरु तेग बहादुर को समर्पित संग्रहालय बनेगा।
    • बरखेड़ी खुर्द में 5 करोड़ से इलेक्ट्रिक शवदाह गृह का निर्माण।
    • सफाई व्यवस्था के लिए 84 करोड़ रुपये का प्रस्ताव।
    • मुख्य सड़कों पर रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट की 30 करोड़ का बजट।
    • निगम कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को अब 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
    • ड्यूटी के दौरान घायल कर्मचारियों के लिए नया फंड बनेगा।