नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद जहां एक तरफ जश्न का माहौल है, वहीं टीम इंडिया के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल के एक पोस्ट ने फैंस को भावुक कर दिया है। हालांकि चहल इस बार विश्व कप की मुख्य टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उन्होंने मैदान पर पहुंचकर अपने साथियों के साथ इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया और सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला संदेश साझा किया।
युजवेंद्र चहल का भावुक संदेश
युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें जीत के जश्न के दौरान शिवम दुबे और कुलदीप यादव उनके साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं। चहल ने इस वीडियो के साथ एक बेहद मार्मिक शायरी लिखी, ‘जिंदगी में कुछ हसीन पल यूं ही गुजर जाते हैं, रह जाती हैं यादें और यार साथ रह जाते हैं।’ उनका यह पोस्ट उन गहरी यादों और अटूट दोस्ती को समर्पित है, जो उन्होंने भारतीय ड्रेसिंग रूम में पिछले कई वर्षों के दौरान कमाई है। गौरतलब है कि चहल उस भारतीय टीम के सदस्य थे, जिसने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी।



