Spread the love

भोपाल। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में बैंक के कलेक्शन एजेंट द्वारा समूह लोन की किश्तों का गबन करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने गांव-गांव जाकर 31 महिलाओं से लोन की किश्तें वसूलीं, लेकिन बैंक में जमा करने के बजाय पूरी रकम खुद रख ली। करीब एक साल तक यह खेल चलता रहा और फिर आरोपित नौकरी छोड़कर फरार हो गया। वहीं जब नया कलेक्शन एजेंट फील्ड पर गया तब मामले का खुलासा हुआ।

31 महिलाओं से की लाखों की ठगी
एक्सिस बैंक के मैनेजर की शिकायत पर ईंटखेड़ी पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आशीष सप्रे के अनुसार करीब दो साल पहले एक्सिस बैंक की इस्लामनगर शाखा में सीहोर निवासी पवन गोस्वामी को बैंक प्रबंधन ने समूह लोन की किश्त वसूली के लिए कलेक्शन एजेंट के तौर पर नियुक्त किया था। उसका काम समूह लोन लेने वाली महिलाओं के घर जाकर मासिक किश्त वसूलना और बैंक में जमा कराना था। आरोप है कि पवन गोस्वामी ने भरोसे का गलत फायदा उठाया। उसने ईंटखेड़ी और आसपास के इलाकों में रहने वाली 31 महिलाओं से करीब एक लाख 13 हजार रुपये की किश्त वसूली, लेकिन यह रकम बैंक में जमा नहीं की।

नौकरी छोड़कर भाग गया था आरोपित

महिलाएं उसे बैंक का अधिकृत कर्मचारी समझकर नियमित रूप से भुगतान करती रहीं और उन्हें किसी तरह का शक नहीं हुआ। मामले का खुलासा तब हुआ जब लोन रिकवरी के लिए बैंक की ओर से दूसरा कर्मचारी महिलाओं के घर पहुंचा। महिलाओं ने बताया कि वे पहले ही किश्तें चुका चुकी हैं और पवन गोस्वामी को रकम दे चुकी हैं। बैंक रिकॉर्ड खंगाले गए तो किश्तों की राशि जमा नहीं होने की बात सामने आई। वहीं आरोपित जनवरी 2025 में ही नौकरी छोड़कर भाग चुका था।