नई दिल्ली: क्रिकेट के भगवान के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अक्सर लाइमलाइट में रहते हैं। अर्जुन अपने पिता के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। अर्जुन को हाल ही में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स में ट्रेड कर दिया है। अर्जुन लंबे समय से आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। लेकिन, उनको खेलने का मौका ज्यादा नहीं मिला था। सिर्फ 5 मैच ही अर्जुन खेल पाए थे। हालांकि, मुंबई इंडियंस छोड़ने के बाद अब अर्जुन तेंदुलकर ने बड़ा कारनामा कर दिया था।
सीनियर क्रिकेट में अर्जुन तेंदुलकर के 100 विकेट पूरे
आपको बता दें कि अर्जुन तेंदुलकर इस वक्त रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। वह गोवा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ खेलते हुए रणजी ट्रॉफी में सीनियर क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं।अर्जुन ने हार्विक देसाई का विकेट लेकर यह खास उपलब्धि अपने करियर में हासिल की है। अर्जुन ने सीनियर क्रिकेट में अपनी पहली विकेट 2021 में मुंबई के लिए डेब्यू गेम में हरियाणा के खिलाफ ली थी। अर्जुन तेंदुलकर के नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 48, लिस्ट ए क्रिकेट में 25 तो टी20 में 27 विकेट हैं।
रणजी ट्रॉफी डेब्यू पर ठोका था शतक
बता दें कि मुंबई में ज्यादा मौके न मिलने की वजह से 2022-2023 के घरेलू सीजन से पहले अर्जुन गोवा चले गए थे। फिर 2022 में उन्होंने गोवा के लिए खेलते हुए राजस्थान के खिलाफ अपना रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया। रणजी के पहले मैच में ही अर्जुन ने पिता सचिन की तरह शतक जड़ दिया था। 26 साल के अर्जुन तेंदुलकर को 2021 में मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद 2023 में उन्होंने आईपीएल डेब्यू किया। तेंदुलकर ने 2023 में 4 तो 2024 में सिर्फ 1 मैच खेला था। उनके नाम आईपीएल में 3 विकेट हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि लखनऊ उनका किस तरह से इस्तेमाल करती है।



