कैनबरा: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर हमले से पूरी दुनिया स्तब्ध हैं, वहीं इसी दौरान एक शख्स की बहादुरी की हर कोई तारीफ कर रहा है। मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बॉन्डी बीच पर हमले के दौरान हीरो बनकर सामने आए अहमद अल अहमद से अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान अल्बनीज ने देश को हिला देने वाले हमले को रोकने में उनकी असाधारण बहादुरी की तारीफ की और उन्हें ऑस्ट्रेलिया का हीरो कहा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अस्पताल के अंदर मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए प्रधानमंत्री अल्बनीज ने कहा, ‘अहमद, आप एक ऑस्ट्रेलियाई हीरो हैं।’
रविवार की शाम सिडनी के बॉन्डी बीच पर दो बंदूकधारियों ने हनुका कार्यक्रम के लिए जमा हुए यहूदी समुदाय के लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। जब बंदूकधारी अंधाधुंध गोलीबारी कर रहे थे, उसी समय अहमद अल अहमद अपनी जान की परवाह न करते हुए एक शूटर पर टूट पड़े थे और उससे हथियार छीन लिया था। इस दौरान दूसरे शूटर ने अहमद को गोली मार दी थी। 40 वर्षीय अहमद अल-अहमद का जन्म सीरिया में हुआ था और वे एक शरणार्थी के रूप में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। उन्हें 2002 में ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली थी।
अल्बनीज ने अहमद को कहा शुक्रिया
ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री ने अहमद को ऑस्ट्रलिया का हीरो बताते हुए लिखा, ‘आपने दूसरों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली, बॉन्डी बीच पर खतरे की ओर दौड़े और एक आतंकवादी को निहत्था किया। सबसे बुरे समय में हम ऑस्ट्रेलिया के लोगों का सबसे अच्छा रूप देखते हैं। हमने रविवार रात को ठीक यही देखा। हर ऑस्ट्रेलियाई की ओर से, मैं आपको धन्यवाद कहता हूं।’
अहमद ने कहा- दोबारा से यही करूंगा
इसके पहले अहमद के माइग्रेशन वकील सैम इस्सा ने अस्पताल में भर्ती अहमद से मुलाकात की थी। अहमद से मिलने के बाद इस्सा ने मीडिया आउटलेट ‘द एज’ को बताया कि उसने कहा कि अहमद ने कहा है कि दोबारा मौका मौका आया तो वह फिर से ऐसा करेगा। उन्होंने आगे कहा कि अहमद की ‘हालत बिल्कुल ठीक नहीं है। वह गोलियों से छलनी है। हमारा हीरो इस समय मुश्किल में है।’



