26 साल पुराना संकल्प और भोपाल का प्यार : डॉ. कुमार विश्वास ने वीडियो जारी कर दिया कर्मश्री कवि सम्मलेन का
न्योता |वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें https://youtu.be/UCcHoJZguwk?si=x1qCEWZwzEtTCfdX
भोपाल। “भोपाल मुझे बहुत प्यार करता है और मैं भी भोपाल से उतना ही प्रेम करता हूँ…” इन आत्मीय शब्दों के साथ प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने एक वीडियो संदेश जारी कर भोपाल वासियों को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में भोपाल में विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था “कर्मश्री” द्वारा आयोजित किए जाने वाले भव्य काव्य समारोह के लिए आमंत्रित किया है। डॉ. विश्वास ने इस आयोजन के पीछे की 26 साल पुरानी उस घटना का भी जिक्र किया, जिसने भोपाल में ‘वर्ष प्रतिपदा’ उत्सव की नींव रखी थी।
25 वर्षों की परंपरा और भावुक जुड़ाव
वीडियो में डॉ. विश्वास ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि लगभग 26 वर्ष पूर्व भोपाल के एक कार्यक्रम में उन्होंने ‘अंग्रेजी नववर्ष’ को लेकर एक व्यंग्य किया था। उस बात ने स्थानीय राष्ट्रवादी कार्यकर्ता रामेश्वर शर्मा के मन में एक टीस पैदा की और उन्होंने उसी समय संकल्प लिया कि वे हर वर्ष भारतीय नववर्ष (वर्ष प्रतिपदा) पर भव्य आयोजन करेंगे। डॉ. विश्वास ने बताया कि इस यात्रा के शुरुआती 15-16 वर्षों तक उन्होंने स्वयं इस मंच का संचालन किया है और अब 25 वर्ष पूर्ण होने पर वे पुनः इस गौरवशाली मंच पर लौट रहे हैं। “कर्मश्री” कवि सम्मेलन की भव्यता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज बड़ी खुशी होती है कि जो पौधा प्रारंभ में हमने अपनी प्रतिभा के जल से सींचा, जिसमें रामेश्वर भाई और उनकी संस्था के बहुत से लोगों का श्रम जल लगा आज वह ऐसा वटवृक्ष बन चुका है जिसके नीचे लाखों लाख श्रोता बैठते हैं और देश के महनिय कवि आते हैं।
अटल पथ पर सजेगी काव्य की महफिल
आगामी 18 मार्च को भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित अटल पथ पर यह विशाल आयोजन होने जा रहा है। डॉ. कुमार विश्वास ने अपने संदेश में कहा कि यह शाम बेहद खास होने वाली है क्योंकि उनके साथ देश के कई ‘महनिय’ और प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं के साथ उपस्थित रहेंगे।
कुमार विश्वास ने सभी काव्य प्रेमियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनें और भारतीय नववर्ष का स्वागत कविताओं के साथ करें।
देश के ‘महनिय’ कवि होंगे शामिल
इस भव्य आयोजन में डॉ. कुमार विश्वास के साथ देश के अन्य प्रतिष्ठित और ख्यातिनाम कवि भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। डॉ. विश्वास ने अपने संदेश में इसे एक ‘अविस्मरणीय रात्रि’ बताते हुए सभी भोपाल वासियों और काव्य प्रेमियों को शाम 8 बजे अटल पथ पर पहुंचने का निमंत्रण दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
कर्मश्री के 25 वें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का शुभारंभ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया जाएगा।



