Spread the love

मुंबई: मालाड पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी का उससे दोगुने उम्र के व्यक्ति के साथ जबरन विवाह कराने के आरोप में एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाबालिग नवविवाहिता के 32 वर्षीय पेंटर पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

पति को गैरकानूनी शादी की जानकारी

एफआईआर के अनुसार, पीड़ित लड़की मालाड में अपनी बड़ी बहन, बहनोई और दादी के साथ रहती है। यहां वह एक नामचीन स्कूल में पढ़ाई कर रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन, बहनोई और दादी ने पिछले साल जबरन उसकी शादी करवा दी। वह भी दोगुने उम्र के व्यक्ति से जो उसकी बहन का देवर है। आरोपी पति पेंटर है।इनकार करने पर मायके वालों ने दलील दी कि उसकी शादी आरोपी (पति) के साथ बचपन में ही तय कर दी गई थी। इसलिए उसको शादी करना ही होगा। उसके पति को भी मालूम था कि उसकी पत्नी नाबालिग है और यह शादी गैरकानूनी है। इसके बावजूद उसने न सिर्फ उसके साथ जबरन विवाह किया बल्कि उसको अपने घर यानि ससुराल लेकर जाने के लिए दबाव भी बनाने लगा। आखिरकार पति की जिद और मायके वालों के दवाब के कारण वह पति के साथ ससुराल चली गई।

पीड़िता ने दिखाई पुलिस में जाने की हिम्मत

एफआईआर में पीड़िता द्वारा दिए गए बयान के अनुसार, ससुराल में जुलाई 2024 से नवंबर 2025 के बीच पति ने उसके साथ कई बार उसका यौन उत्पीडन किया। उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और ऐसा नहीं करने पर उसको मारने, पीटने और धमकियां देने लगे। हालांकि, पति के अत्याचार की शिकायत पीड़िता ने बड़ी बहन और दादी से की थी, लेकिन उन लोगों ने इस समस्या का समाधान करने की बजाए उसको उल्टा कहने लगी कि शादी के बाद बेटी का घर ससुराल ही होता है। बेटियां डोली में ससुराल जाती है और वहां से अर्थी में मायके वापस लौटती है। उनकी बातें सुनकर वह एक बार तो निराश हो गई लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने चारों को सबक सिखाने की ठानी।

आपबीती सुनकर पुलिस वाले हुए स्तब्ध

दो दिन पहले वह मालाड पुलिस स्टेशन पहुंची और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को अपनी आपबीती बताई, जिसे सुनकर पुलिस वाले भी चौंक गए। उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की दी, जिसके बाद मालाड पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर उसके पति, बड़ी बहन, बहनोई और दादी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।