Spread the love

संसद के मानसून सत्र का आज 13वां दिन है। सदन शुरू होते ही विपक्ष ने बिहार वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन मामले पर हंगामा शुरू कर दिया। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

लोकसभा में आज नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल 2025 और एंटी-डोपिंग अमेंडमेंट एक्ट पर चर्चा होने की संभावना है। बिल को 23 जुलाई को खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोकसभा में पेश किया था।

इन दोनों बिलों पर लोकसभा में कल चर्चा होनी थी लेकिन विपक्ष के बिहार वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन मामले पर प्रदर्शन और हंगामे के कारण दोनों बिल पर चर्चा नहीं हो सकी। इसके बाद कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आज मन बहुत दुखी है।

बीते दिन राज्यसभा में मणिपुर में लागू राष्ट्रपति शासन की अवधि छह महीने और बढ़ाने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया। वहीं, लोकसभा में गोवा राज्य के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुनः समायोजन विधेयक, 2024 पारित किया गया।

12 दिनों में अब तक 2 दिन चर्चा हुई 

21 जुलाई को शुरू हुए मानसून सत्र के बाद से संसदीय कार्यवाही करीब ठप रही है। बिहार में वोटरों के वेरिफिकेशन मामले पर विपक्षी पार्टियों ने हर दिन विरोध-प्रदर्शन किए। 11 दिनों के दौरान, सिर्फ 28 और 29 जुलाई को सदन में पूरे दिन की कार्यवाही चली। दोनों दिन, पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दोनों सदनों में चर्चा हुई थी।