Spread the love

भोपाल। वर्तमान में किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हो गया है। लगातार सर्द हवा चलने से प्रदेश में एक बार फिर रात के तापमान में काफी गिरावट हुई है।इसी क्रम में बुधवार को अधिकांश शहरों में शीतलहर चली। प्रदेश में सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। गुना में रात का तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 10.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन का सबसे कम 26.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गुरुवार को ठंड का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। शुक्रवार से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

होली बाद तेजी से चढ़ेगा पारा

  • मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में कोई भी प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवा का रुख भी उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से दिन एवं रात के तापमान में गिरावट हो रही है।
  • इस तरह की स्थिति अभी दो दिन तक बनी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि लगातार आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी और वर्षा हुई थी।
  • इससे वहां का तापमान काफी कम बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में रात के समय ठंड बढ़ गई है। गुरुवार को भी रात का तापमान इसी तरह बना रह सकता है।
  • नौ मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचने वाला है। उसके बाद एक बार फिर धूप में तल्खी बढ़ने लगेगी। इसके साथ ही गर्मी की दस्तक हो जाएगी। होली बाद तापमान तेजी से चढ़ेगी।
  • बार-बार बदल रहा हवा का रुख

    मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हिमालयीन क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तरी हवा के जोर से दिन में भी हल्की ठंड का खुशनुमा अहसास हो रहा है। मार्च का महीना शुरू हो गया है, परंतु पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा गर्मी का असर कम कर रही है।

    इन दिनों उत्तरी पाकिस्तान और हिमालय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। बर्फबारी का दौर भी जारी है। हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। कभी उत्तर-पूर्वी तो कभी उत्तर पश्चिमी हवा चल रही है।