आगरा । विश्व में शांति स्थापित करने के लिए कोरिया का दल रोम की यात्रा पर निकला है। यह दल पैदल यात्रा कर रहा है। इस बीच कोरियाई दल मंगलवार को आगरा पहुंचा। इस दौरान कोरियाई दल का नगर निगम के अधिकारियों ने स्वागत किया। कोरिया के रहने वाले डॉक्टर सोंग इनयेप हूं, शांति मैराथनर कांग म्योंगकू का प्रबंधक हैं, जो कि विश्व शांति के लिए काम करता है। यह दल 400 दिनों में 11 हजार किलोमीटर पैदल यात्रा पूरी करेगा। यही नहीं, सॉन्ग के पास एक खास तरह की तीन पहिया गाड़ी है, जिसे ढकेलते हुए यात्रा कर रहे हैं, जबकि उन्होंने अपनी टी-शर्ट पर वन कोरिया, वन वर्ल्‍ड, ओनली पीस लिखवा रखा है।
बता दें कि इससे पहले डॉक्टर सोंग इनयोप ने 6 अक्टूबर 2018 को 526 दिनों तक हर दिन 42.195 किमी दौड़कर पृथ्वी की परिक्रमा करने का रिकॉर्ड बनाया था। यह भी उनकी विश्व शांति के लिए यात्रा थी। इस बार वह 21 अगस्त 2022 से 400 दिनों तक 11 हजार किमी की यात्रा पर निकले हैं। इस 11 हजार किलोमीटर की यात्रा के दौरान वे इक्का, वियतनाम, कंबोडिया, थाईलैंड, बांग्लादेश सहित 18 देशों से गुजरते हुए शांति संदेश देंगे। इस दौरान वह जहां से गुजरेंगे उन देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों से मिलकर शांति स्थापना का संदेश देंगे।
आगरा पहुंचने पर सॉन्ग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह मोहब्बत के शहर आगरा में हैं। ताज महल के बारे में बहुत कुछ सुना था। ऐसे में आगरा आगमन पर ताज महल जरूर देखेंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए निकलेंगे। जब उनसे यूक्रेन और रूस युद्ध पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि युद्ध किसी भी देश के हित में नहीं होता है। जानमाल की हानि के साथ-साथ देश आर्थिक तौर पर भी कमजोर होते हैं। ऐसे में वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अपील करते हैं कि वह रसिया और यूक्रेन के युद्ध को रोकें। हम सभी इंसान हैं, इससे भी कहीं ज्यादा हम एक परिवार हैं। हमें मिलकर रहने की जरूरत है।